रेस्टोरेंट में घुसकर युवक और उसके साथियों पर हमला, मसूरी पुलिस ने शुरू की जांच

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में पेट्रोल पंप स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ युवक रेस्टोरेंट के अंदर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां बैठे उसके और उसके साथियों पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। हमले में मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई। इसमें कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में प्रवेश करते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ही उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल बताया जा रहा है।




