देहरादून में देह व्यापार का भंडाफोड़, घर में चल रहे रैकेट पर पुलिस की छापेमारीतीन आरोपी गिरफ्तार,

देहरादून। देहरादून के बिंदाल क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक रैकेट का खुलासा किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक घर से तीन महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए तीन पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल को मिली सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) और कैंट पुलिस स्टेशन की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने 16 मार्च की रात गांधी नगर, रघुनाथ मंदिर के पास स्थित एक मकान में औचक छापेमारी की।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फूलो खान को गिरफ्तार किया। इनके पास से आपत्तिजनक सामग्री और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
बाहरी राज्यों से महिलाओं को बुलाकर कराया जाता था देह व्यापार
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी रानी देवी अपने घर में पिछले कुछ समय से यह रैकेट चला रही थी। वह आशीष कुमार पांडे के साथ मिलकर बाहरी राज्यों से महिलाओं को काम दिलाने के बहाने देहरादून बुलाती थी और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय करते थे, जबकि आशीष ग्राहकों तक महिलाओं को पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था।
केस दर्ज, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम की धाराओं 3/4/5/6/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।




