हल्द्वानी में बदहाल सड़कों के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में लगाए धान के पौधे

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। दमुवाढूंगा क्षेत्र में कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने बारिश के पानी से लबालब सड़क के गड्ढों में धान के पौधे लगाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और स्थानीय लोग सड़क पर उतरे और पानी से भरे गड्ढों में धान के पौधे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की स्थिति को लेकर सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि हल्द्वानी शहर की कई सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी भर जाता है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गड्ढों के कारण कई स्थानों पर हादसे की स्थिति बनी हुई है और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि आम जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए शहर की खराब सड़कों का निरीक्षण कराया जाए और जगह-जगह बने गड्ढों को तत्काल भरने का काम शुरू किया जाए।
कांग्रेस ने सड़क के बीच बने गड्ढों में धान के पौधे लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बदहाल सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं और अब जरूरी है कि संबंधित विभाग इन सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए ठोस कदम उठाएं।




