उत्तराखण्ड

तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक को मारी टक्कर, फिर शोक में बैठे पांच लोगों को कुचला

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि कार ने पहले रामनगर-रानीखेत रोड पर एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद तेलीपुरा क्षेत्र में शोक में बैठे लोगों को भी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक समेत कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक हादसा पांच-छह अक्टूबर की देर रात करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। रामनगर-रानीखेत रोड पर तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद कार तेलीपुरा क्षेत्र की ओर पहुंची। यहां एक परिवार में बुजुर्ग के निधन के बाद परिजन घर के बाहर शोक में बैठे हुए थे। इसी दौरान बेकाबू कार ने वहां बैठे पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घायल युवक के मुताबिक, वे पांच भाई शोक में बैठे थे, तभी तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और लोगों को टक्कर मार दी। उसने बताया कि हादसे में पांचों भाई घायल हुए हैं। इनमें से तीन का इलाज रामनगर में, एक का काशीपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक अन्य घायल की स्थिति गंभीर बताई गई है।

हादसे में तीन बाइकें कार की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं एक अन्य कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त चालक के नशे में होने की आशंका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कार की रफ्तार कितनी थी और चालक नशे में था या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button