उत्तराखण्ड

बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, सूचना मिलते ही CM धामी ने बदला हेलीकॉप्टर का रुख

बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री ने अपने हेलीकॉप्टर का रुख बाजपुर की ओर करवाया और प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया।

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री बाजपुर पहुंचे और प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात कर फसलों को हुए नुकसान, उनकी समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वेक्षण प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करने के साथ ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।

सीएम धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और सर्वेक्षण से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाए।

ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद मुख्यमंत्री के प्रभावित क्षेत्र पहुंचने से किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। अब किसानों की निगाहें नुकसान के आकलन और प्रशासन की ओर से मिलने वाली सहायता पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button