भूकंप आपदा से निपटने की तैयारी परखी, गांधी चौक में मॉक ड्रिल से दिखा रेस्क्यू का दम

उत्तराखंड। उत्तराखंड के नगर क्षेत्र में भूकंप जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए बुधवार सुबह व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। गांधी चौक क्षेत्र को इसका मुख्य केंद्र बनाया गया, जहां प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान परिकल्पना की गई कि गांधी चौक स्थित एक मॉल भूकंप की चपेट में आकर ध्वस्त हो गया है और उसके अंदर करीब 20 लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय ने तुरंत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट जारी कर मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसएसबी, दमकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बचाव दलों ने मॉल के अंदर फंसे लोगों को निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
ड्रिल के दौरान यह भी दर्शाया गया कि मॉल के एक रेस्तरां की रसोई, दुकानों और ऊपरी मंजिलों में कई लोग घायल हो गए थे। क्विक रिस्पांस टीमों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर समय पर उपचार दिलाया। भगदड़ में घायल हुए लोगों के साथ ही मलबे में फंसे कुछ मवेशियों को भी पशु चिकित्सकों द्वारा उपचार दिया गया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखना, विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का आकलन करना था।
इस दौरान प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, पशुपालन विभाग और राजस्व विभाग के बीच समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल में तहसीलदार दीपिका आर्या, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दीप जोशी, एसएसबी के अधिकारी और अन्य विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे।




