उत्तराखण्डचारधाम यात्रा

चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार प्रशासन सख्त, होटलों-ढाबों पर छापेमारी के निर्देश

हरिद्वार: चारधाम यात्रा के मद्देनज़र श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट और दुकानों पर लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मिलावटखोरी और अधिक कीमत वसूलने पर रोक लगाई जा सके।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ज्वालापुर स्थित सराय रोड की फल एवं सब्जी मंडी में सघन जांच अभियान चलाया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि यह कार्रवाई भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण और उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर की गई।

फलों की गुणवत्ता की जांच, 8 नमूने लैब भेजे

उपायुक्त खाद्य सुरक्षा (गढ़वाल मंडल) आरएस रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने मंडी में थोक और फुटकर विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तरबूज, खरबूज, आम और केले सहित विभिन्न फलों की गुणवत्ता की जांच की गई।

एथलीन गैस और एथलीन पाउच से पकाए जा रहे फलों के कुल 8 नमूने जांच के लिए एकत्र कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में कैल्शियम कार्बाइड या कृत्रिम रंगों के उपयोग के कोई प्रमाण नहीं मिले।

लेबलिंग नियमों के उल्लंघन पर नोटिस

टीम ने फल पकाने वाले राइपेनिंग गैस चेम्बरों का भी गहन निरीक्षण किया। जांच में एथलीन गैस और पाउच बनाने वाली कुछ कंपनियों द्वारा लेबलिंग मानकों के उल्लंघन का मामला सामने आया, जिस पर संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button