पिरान कलियर उर्स को लेकर पुलिस अलर्ट, 4 जोन और 16 सेक्टर में बांटा मेला क्षेत्र

रुड़की। हरिद्वार में कांवड़ मेले के समापन के बाद अब पिरान कलियर में साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स शुरू हो रहा है। शुक्रवार यानी 14 अगस्त से मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स की शुरुआत होगी। देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
पुलिस प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के साथ ही आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
उर्स के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। अलग-अलग मार्गों से कलियर पहुंचने वाले जायरीनों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। इसके लिए 13 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से दरगाह परिसर के आसपास करीब एक किलोमीटर क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस के मुताबिक 23 से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 758वां सालाना उर्स करीब 10 से 15 दिनों तक चलेगा। उर्स को लेकर सुरक्षा और यातायात संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस भीड़ नियंत्रण के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी।
उर्स के दौरान बीडीएस टीम, खोया-पाया सेल और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सक्रिय रहेंगी। वहीं, जेबकतरों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो और उर्स शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।




