भारी बारिश का असर: देहरादून–मसूरी हाईवे बंद,प्रशासन करेगा सेफ्टी सर्वे, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी

देहरादून: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते देहरादून–मसूरी हाईवे कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क धंसने और पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। फिलहाल इस मार्ग से पर्यटकों और अन्य वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
बारिश के कारण हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क धंस गई, जिससे लंबा जाम लग गया। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। वहीं, कुछ स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है।
प्रशासन के अनुसार, देहरादून–मसूरी मार्ग के चार से पांच स्थान अत्यधिक संवेदनशील हो गए हैं। ये वही इलाके हैं जहां पिछले वर्ष भी भारी बारिश के दौरान सड़क को नुकसान पहुंचा था। वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग बंद रखने का निर्णय लिया है।
मसूरी के जॉइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीमें तैनात कर दी गई हैं। लगातार निगरानी की जा रही है और मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने हाईवे की स्थिति का विस्तृत सेफ्टी सर्वे कराने का भी निर्णय लिया है। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर सड़क की मरम्मत और पुनर्स्थापन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा इसी के बाद मार्ग खोलने पर निर्णय लिया जाएगा।
हालांकि, जिन स्थानों पर सड़क गंभीर रूप से धंस गई है, वहां जल्द राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में मार्ग कितने दिनों तक बंद रहेगा, इसका फैसला सेफ्टी सर्वे की रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान भी बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचते हैं। ऐसे में देहरादून–मसूरी मार्ग बंद होने से पर्यटन गतिविधियों पर भी असर पड़ने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।




