चमोली में अचानक टूटी पहाड़ी, वाहनों पर गिरा भारी मलबा; दो वाहन क्षतिग्रस्त

चमोली। नंदानगर में सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास गुरुवार को अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर टूट गया। पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर जा गिरे। भूस्खलन की चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
भूस्खलन की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरते दिखाई दे रहे हैं। जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ, उसके ठीक नीचे सड़क से वाहनों की आवाजाही भी होती रहती है। ऐसे में हादसे का खतरा बना हुआ है।
नंदानगर के एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि सितेल एवं सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी टूटने से भूस्खलन हुआ। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरा, जिसकी चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों से टैक्सी स्टैंड के पास नहीं जाने की अपील की है। एसआई मनोज भट्ट के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्र में अभी भी पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में वहां आवाजाही करना जोखिम भरा हो सकता है।
बारिश के मौसम में चमोली जिले के कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पहाड़ियों के दरकने से सड़कें, पैदल रास्ते और संपर्क मार्ग प्रभावित होते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही मुश्किल हो जाती है। नंदानगर में टैक्सी स्टैंड के पास हुए इस भूस्खलन ने एक बार फिर बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।



