उत्तराखण्ड

बदरीनाथ हाईवे पर बड़ी मुसीबत, 20 मीटर सड़क धंसने से यातायात प्रभावित,बदरीनाथ-हेमकुंड साहिब यात्रा भी रुकी

चमोली: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच बदरीनाथ हाईवे पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। हाथी पहाड़ के पास करीब 20 मीटर सड़क ध्वस्त होने से बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा प्रभावित हुई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण इस मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही में परेशानी बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि हाथी पहाड़ के पास हाईवे कई जगह से धंस गया है। वहीं, मारवाड़ी चौकी के आगे क्रशर के पास हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आने की भी सूचना है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है।

सड़क के क्षतिग्रस्त होने से बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जाने वाले तीर्थयात्रियों को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मार्ग को सुचारु करने के प्रयास में जुटी हैं। बारिश के कारण हाईवे पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

प्रदेश में आज भी बारिश का सिलसिला जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क धंसने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन की ओर से यात्रियों और वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button