उत्तराखण्ड

IAS-PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव, 6 अफसरों को नई जिम्मेदारी

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में मामूली बदलाव किया है। शासन की ओर से देर रात जारी छोटी तबादला सूची में कुल छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सबसे अहम बदलाव आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव को लेकर हुआ है, जिन्हें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है।

महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह पद खाली था। अब आनंद श्रीवास्तव इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालेंगे।

तबादला सूची में निर्वाचन की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का पद वापस ले लिया गया है। पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से भी अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। सेमवाल जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्वों में कमी की गई है।

सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

वहीं प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

हालांकि, शासन स्तर पर हुए इन बदलावों को सामान्य फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित बड़ी तबादला सूची का इंतजार है। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ ही विभिन्न प्राधिकरणों में भी बदलाव हो सकते हैं। शासन स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण सचिव पदों पर भी फेरबदल की तैयारी चल रही है।

सूत्रों के अनुसार बड़ी तबादला सूची को लेकर शासन स्तर पर होमवर्क लगभग पूरा किया जा चुका है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 सितंबर के बाद बड़ी तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button