उत्तराखण्ड

मॉलरोड पर हुड़दंग कर रही कार पर एक्शन, नीली बत्ती और हूटर के अनधिकृत इस्तेमाल पर कार सीज

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में कार पर नीली बत्ती और हूटर लगाकर घूमना एक चालक को भारी पड़ गया। मॉलरोड क्षेत्र में वाहन से हुड़दंग किए जाने की सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा नंबर की कार को सीज कर दिया। जांच में वाहन पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल पाया गया।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से 112 पर सूचना मिली थी कि मॉलरोड पर हरियाणा नंबर की कार (एचआर 98 ई 9325) का चालक नीली बत्ती लगाकर हूटर बजाते हुए हुड़दंग कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की थाना मोबाइल और चीता पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।

जांच के दौरान कार पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत प्रयोग पाए जाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट या पुलिस का लोगो लगाकर चलने से आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल केवल अधिकृत व्यक्तियों द्वारा निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकता है।

मसूरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट, पुलिस लोगो या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का अनधिकृत इस्तेमाल न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button