उत्तराखण्ड

ऊधम सिंह नगर में लाउडस्पीकरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नियम उल्लंघन पर कई धार्मिक स्थलों से हटाए गए साउंड सिस्टम

रुद्रपुर: सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति संचालित लाउडस्पीकरों तथा निर्धारित डेसिबल सीमा और समयावधि का उल्लंघन करने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

 

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों समेत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। जहां भी सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और शासन के नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां मौके पर ही लाउडस्पीकर हटवाए गए। साथ ही संबंधित मामलों में पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई।

 

पुलिस ने अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों को अनावश्यक शोर से राहत मिल सके।

 

कार्रवाई के दौरान जसपुर क्षेत्र में दो, काशीपुर में एक, आईटीआई थाना क्षेत्र में दो, केलाखेड़ा में दो, किच्छा में दो तथा नानकमत्ता में एक धार्मिक स्थल से नियमों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकर हटाए गए। वहीं खटीमा में चार धार्मिक स्थलों से कुल सात लाउडस्पीकर हटाए गए। इसके अलावा किच्छा और खटीमा में पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत संबंधित व्यक्तियों के चालान भी किए गए।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन सभी नागरिकों और संस्थाओं की जिम्मेदारी है तथा सर्वोच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति लाउडस्पीकर का उपयोग करती है, निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करती है या प्रतिबंधित समयावधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन करती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button