जनगणना 2026: भवन स्व-गणना पोर्टल शुरू, 33 सवालों के जवाब देकर घर बैठे कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

देहरादून। जनगणना के पहले चरण में मकानों की गणना के लिए शुक्रवार से प्रदेशभर में स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर 33 आसान सवालों के जवाब देकर अपनी भवन संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
इस अभियान की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने की। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शाम पांच बजे स्वयं स्व-गणना करेंगे।
10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक मिलेगा मौका
जनगणना निदेशालय के अनुसार प्रदेश में 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भवन स्व-गणना का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी।
ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद नागरिकों को एक SE ID (Self Enumeration ID) प्राप्त होगी, जिसे जनगणना कर्मियों को सत्यापन के समय प्रस्तुत करना होगा।
प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन
निदेशालय के अनुसार 25 अप्रैल से 24 मई के बीच प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। SE ID के माध्यम से वे नागरिकों द्वारा भरी गई जानकारी को अपने सिस्टम में अपडेट करेंगे और अंतिम रूप देंगे।
निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रक्रिया जनगणना को अधिक सटीक और तेज बनाने में मदद करेगी।
33 सवालों में शामिल प्रमुख बिंदु
स्व-गणना फॉर्म में नागरिकों को 33 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें मकान की संरचना, सुविधाएं और परिवार से जुड़ी जानकारी शामिल है—
मकान की दीवार, छत और फर्श की सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का विवरण, पेयजल स्रोत, शौचालय सुविधा, बिजली, रसोई ईंधन, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन स्वामित्व और अन्य सुविधाएं शामिल हैं।
इसके अलावा परिवार की सामाजिक श्रेणी, कमरों की संख्या और संपर्क जानकारी जैसे मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जाएंगे।
डिजिटल जनगणना की दिशा में बड़ा कदम
अधिकारियों के अनुसार यह पहल डिजिटल जनगणना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे डेटा संग्रह प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते पोर्टल पर अपनी स्व-गणना पूरी करें और जनगणना प्रक्रिया में सहयोग दें।



