उत्तराखंड में NEET (UG) पुनर्परीक्षा की तैयारी पूरी, 53 केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

देहरादून: देशभर में आयोजित होने वाली NEET (UG) पुनर्परीक्षा को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के 10 जिलों में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
देहरादून जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी है। इसके तहत लाउडस्पीकर, नारेबाजी, जुलूस, सार्वजनिक सभाओं और पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का शोर या अव्यवस्था अभ्यर्थियों की एकाग्रता को प्रभावित कर सकती है। इसी कारण परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी, डंडे, तलवार, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं के साथ आने पर भी रोक लगाई गई है।
कड़े सुरक्षा इंतजाम
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए पुलिस के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CPMF) की भी तैनाती की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी को सेंटर इंचार्ज बनाया गया है। पिछले कई दिनों से स्थानीय पुलिस अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
हरिद्वार में पांच जोन बनाए गए
हरिद्वार जिले में परीक्षा को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में जिले को पांच जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। परीक्षा के लिए जिले में कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें आठ केंद्र ग्रामीण क्षेत्र और चार केंद्र शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। एसपी क्राइम निशा यादव को परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में भी तैयारियां पूरी
नैनीताल जिले में 11 परीक्षा केंद्रों पर 3,874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिले को दो जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
वहीं ऊधमसिंहनगर जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,528 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिथौरागढ़ में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
सुविधाओं की जांच पूरी
अल्मोड़ा जिले में द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, बिजली और शौचालय सुविधाओं की जांच पूरी कर ली गई है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। NEET पुनर्परीक्षा को लेकर राज्यभर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।




