उत्तराखण्ड

श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 11 करोड़ की सहायता राशि जारी, 4,400 लाभार्थियों को मिला लाभ

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए उनके खातों में लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए यह धनराशि लाभार्थियों के खातों में भेजी।

 

इस अवसर पर विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के तहत पंजीकृत श्रमिकों को लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचे।

 

मुख्यमंत्री धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ मिल सके।

 

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उनके बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

 

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है।

 

इस मौके पर राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button