अंकिता भंडारी केस में VIP एंगल से लेकर जमीन-माफिया तक, कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, गैरसैंण घेराव का ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। देहरादून में एक निजी होटल में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रभारी सांसद कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
अंकिता केस और VIP की भूमिका
कुमारी शैलजा ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना उत्तराखंड की अस्मिता और महिला सुरक्षा का सवाल है। परिवार द्वारा कथित VIP को लेकर उठाए जा रहे सवालों का सरकार जवाब नहीं दे रही।
उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर कहा कि इससे उत्तराखंड की जनता आहत है और सिक्किम में भी इसका विरोध हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रभावशाली लोगों को बचा रही है। कांग्रेस नेता ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इंडिया गेट पर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सड़क निर्माण, ठेकों और जमीन के सौदों में भ्रष्टाचार हो रहा है और खनन माफिया को संरक्षण दिया जा रहा है। युवा पेपर लीक और भर्ती घोटालों से परेशान हैं और पहाड़ से पलायन बढ़ रहा है। सरकार को इसका जवाब देना होगा।
बद्रीनाथ चढ़ावा और विभागीय गड़बड़ी पर सवाल
कांग्रेस ने बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच और हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के महिला एवं बाल विकास विभाग में राशन, पोषण आहार और राष्ट्रीय खेलों के खर्चों में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए और जांच की मांग की।
कांग्रेस के 4 बड़े कार्यक्रम
1. 22-25 अक्टूबर: प्रदेशभर में न्याय यात्रा
2. 27 अक्टूबर: गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा घेराव
3. 1 नवंबर: दिल्ली में वोटर लिस्ट SIR के खिलाफ विशाल रैली
4. 4 नवंबर: जमीनों को औने-पौने दाम पर बेचने के विरोध में प्रदर्शन
कुमारी शैलजा ने कहा कि जनता के सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच होगी।




