उत्तराखण्ड

उत्तराखंड मौसम अलर्ट: चारधाम यात्रा पर भारी बारिश का खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने राज्य में चारधाम यात्रा को देखते हुए अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासकर केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 19 अप्रैल से 10 मई 2026 के बीच लगभग 10.5 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा मार्गों और पड़ावों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना बनी हुई है।

खराब मौसम को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं डीजीपी ने निगरानी के लिए 6 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

हेलीकॉप्टर सेवाओं पर भी मौसम का असर पड़ सकता है, ऐसे में प्रशासन लगातार रियल टाइम मॉनिटरिंग कर रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करें और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।

देहरादून में हुई बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम होकर 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button