ऋषिकेश के होटल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कथित अनधिकृत निर्माण को किया सील

ऋषिकेश: रेलवे रोड स्थित एक होटल में किए गए कथित अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने संयुक्त सचिव के आदेश पर 5 सितंबर 2026 को यह कार्रवाई की। सीलिंग के दौरान एई अभिषेक भारद्वाज, जेई पूनम सकलानी और जेई जयदीप राणा समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
इसी होटल में 29 अगस्त 2026 को एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। 30 अगस्त को पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर ऋषिकेश पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय आरोपी सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में आई। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को होटल में बिना वैध पहचान पत्र और बिना वेरिफिकेशन के प्रवेश दिया गया था। इसके बाद होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल मालिक राहुल अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को 16 वर्षीय नाबालिग को आरोपी बहला-फुसलाकर पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में ले गया था, जहां उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर नाबालिग को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के फोन से पीड़िता के फोटो और वीडियो भी बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, होटल में नाबालिग को बिना वैध पहचान पत्र और रजिस्टर में एंट्री के प्रवेश दिया गया था। आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद होटल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना नहीं दी गई। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि नाबालिग को बाहर ले जाने के दौरान सबूत मिटाने के उद्देश्य से होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद किए गए थे।
इस मामले में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, होटल का लाइसेंस रद्द करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसी कार्रवाई के तहत अब एमडीडीए ने होटल में कथित अनधिकृत निर्माण को सील कर दिया है।
बताया गया है कि होटल का नक्शा आरोपी राहुल अग्रवाल के पिता के नाम पर पास हुआ है। अनधिकृत निर्माण को लेकर हुई सीलिंग की कार्रवाई के बाद होटल एक बार फिर चर्चा में है। अब प्रशासन की कार्रवाई के बाद होटल के संचालन और भवन से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर संबंधित विभागों की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।




