बैंक हड़ताल के बीच रविवार को खुले रहेंगे बैंक, दून में ग्राहकों को मिलेगी राहत

देहरादून। बैंक यूनियनों की तीन दिवसीय हड़ताल के चलते इस रविवार को दून में बैंक खुले रहेंगे। ऐसे में ग्राहक बैंक से जुड़े अपने जरूरी काम करा सकेंगे। बैंक शाखाओं के साथ एटीएम और लिंक ब्रांच से जुड़ी सेवाएं भी चालू रहेंगी।
बैंक हड़ताल को लेकर उपभोक्ताओं के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का एलान किया है। हड़ताल से पहले शनिवार और रविवार को भी बैंक अवकाश पड़ने के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी।
ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए हड़ताल से पहले रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक इंद्र सिंह रावत ने बताया कि 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नकद लेनदेन समेत विभिन्न बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। केंद्र सरकार के निर्देश पर रविवार को बैंक शाखाएं खोली जाएंगी।
हड़ताल के दौरान एटीएम से लेनदेन को लेकर भी ग्राहकों को राहत मिलने की बात कही गई है। बताया गया है कि 28 से 30 सितंबर तक किसी भी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।




