उत्तराखण्ड

हरिद्वार में सनसनी: रात्रि विश्राम कर रहे कांवड़िए को गोली मारकर फरार हुए बदमाश

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में देर रात एक कांवड़िए को गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई। कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम कर रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले निजी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान अजय निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था। कांवड़ियों का यह दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ यात्रा पर निकला हुआ था। दल में करीब 10 गौ सेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।

 

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात यात्रा के दौरान कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे रात्रि विश्राम के लिए रुका था। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पीते हुए शोर-शराबा और गाली-गलौज कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांति बनाए रखने की बात कही, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

 

आरोप है कि कुछ देर बाद उक्त युवक पुल से नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। इससे पहले कि कांवड़िए कुछ समझ पाते, हमलावरों ने अजय के सीने से सटाकर गोली चला दी। हालांकि गोली सीने की बजाय कंधे में लगी, जिससे अजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

शोर सुनकर आसपास तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल अजय को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी, कनखल थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसे आरोपी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पांच से छह हमलावर अन्य बाइकों पर सवार होकर फरार हुए हैं।

 

कनखल थाना पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

घटना के बाद स्थानीय गौ सेवक और सामाजिक संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button