उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। तिकोनिया स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य संचालक फरार बताया जा रहा है। मौके से कई महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। साथ ही आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस को लंबे समय से स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की टीम ने स्पा सेंटर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले।

 

पूछताछ में महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी और बेहतर कमाई का लालच देकर इस धंधे में धकेला गया था। महिलाओं ने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के आरोप भी लगाए।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, स्पा का मुख्य संचालक मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामान, नकद धनराशि और ग्राहकों की एंट्री से जुड़े रजिस्टर बरामद किए हैं। सभी बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।

 

पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद महिलाओं को रेस्क्यू कर उनकी काउंसलिंग कराई और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। रेस्क्यू की गई महिलाएं दिल्ली, नेपाल, उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों की रहने वाली बताई जा रही हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद स्पा सेंटर में छापेमारी की गई, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा छह महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार स्पा संचालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button