उत्तराखण्ड

सेलाकुई में स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा; वाहन सीज

देहरादून: राजधानी में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेलाकुई पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने रिहायशी इलाके में स्कॉर्पियो कार से खतरनाक स्टंटबाजी करने और स्थानीय लोगों से अभद्रता करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की देर रात थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि भागीरथी एनक्लेव में कपिल मेडिकल हॉल के सामने वाली गली में एक व्यक्ति स्कॉर्पियो कार संख्या HR 05 BS 2726 को बेहद अनियंत्रित और खतरनाक तरीके से चलाकर स्टंटबाजी कर रहा है।

बताया गया कि स्थानीय निवासियों ने मौके पर पहुंचकर चालक को ऐसा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद चालक स्थानीय लोगों से गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गया। सूचना मिलने पर सेलाकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के मौके पर पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने कार को रोक रखा था। आरोपी चालक लोगों से बहसबाजी और हंगामा कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, स्टंटबाजी के कारण इलाके में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो गई थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज (23) पुत्र राजेंद्र सिंह, मूल निवासी चोरगारसा, करनाल, हरियाणा और हाल निवासी झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button