उत्तराखण्ड

राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में देहरादून में कांग्रेस का लोक भवन कूच, बैरिकेड तोड़े, कई कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार देर शाम देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की ओर से लगाए गए पहले बैरिकेड को तोड़ दिया और दूसरे बैरिकेड तक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वहां से हटाया।

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने दमनात्मक रवैया अपनाया। उनका आरोप है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। इसके विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल थे। कांग्रेस का आरोप है कि राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

 

इसी घटनाक्रम के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने न्यू कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल के पास एकत्र होकर लोक भवन कूच किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध जताया।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की आवाज संसद में उठाना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए तथा जब राहुल गांधी शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री आवास के बाहर पहुंचे तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।

 

वहीं, यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुए व्यवहार और राहुल गांधी को हिरासत में लेने की घटना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।

 

फिलहाल पुलिस की ओर से प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। स्थिति नियंत्रण में रहने के बाद हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button