उत्तराखण्ड

राहुल गांधी भाजपा के सबसे बड़े स्टार प्रचारक, उनके दौरे से भाजपा को होता है फायदा: गणेश जोशी

मसूरी। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा “स्टार प्रचारक” करार दिया है।

 

मसूरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गणेश जोशी ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस को मजबूती मिलने के बजाय नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की राजनीति का लाभ भाजपा को मिलता है, जबकि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर होता जा रहा है।

 

हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को जनता के बीच जाने और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के दौरे का स्वागत करती है और उनके आने से भाजपा को ही राजनीतिक लाभ मिलेगा।

 

इस दौरान गणेश जोशी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर मसूरी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार की तुलना में इस बार और अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

 

गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button