बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी में बड़ी गड़बड़ी, राष्ट्रीय पक्षी कौआ और सबसे छोटा राज्य बताया उत्तराखंड

अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय की ओर से पहली बार आयोजित उत्तराखंड संयुक्त बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी में गंभीर तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। 16 अगस्त को हुई परीक्षा में शामिल 5,352 परीक्षार्थियों को 17 अगस्त को वेबसाइट पर अपलोड की गई उत्तर कुंजी में कई सवालों के गलत जवाब नजर आए। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुरानी उत्तर कुंजी वेबसाइट से हटा दी और नई उत्तर कुंजी अपलोड कर दी।
उत्तर कुंजी में देश के राष्ट्रीय पक्षी के सवाल के जवाब में कौआ दर्ज किया गया था, जबकि भारत का राष्ट्रीय पक्षी मोर है। इसी तरह उत्तराखंड को क्षेत्रफल के लिहाज से देश का सबसे छोटा राज्य बताया गया। इसके अलावा भारत से सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करने वाले देश के रूप में पाकिस्तान का नाम दिया गया, जबकि यह बांग्लादेश है।
उत्तर कुंजी में उत्तराखंड से जुड़े सवालों के जवाबों में भी गड़बड़ी सामने आई। एफआरआई का मुख्यालय हल्द्वानी बताया गया, जबकि इसका मुख्यालय देहरादून में है। उत्तराखंड से राज्यसभा की सीटों की संख्या दो बताई गई, जबकि राज्य में तीन राज्यसभा सीटें हैं। वहीं, पिथौरागढ़ को तिब्बत से जोड़ने वाले दर्रे के रूप में जोजीला का नाम दर्ज किया गया, जबकि सही जवाब लिपुलेख दर्रा है।
एसएसजे विश्वविद्यालय को नोडल बनाकर उत्तराखंड संयुक्त बीएड और एमएड प्रवेश परीक्षा आयोजित कराई गई थी। परीक्षा में 5,352 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 17 अगस्त को जब उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अपलोड की गई तो विद्यार्थियों ने इसमें गलत जवाबों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई।
एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. डीएस बिष्ट ने बताया कि सेक्शन-ए के सभी प्रश्नों के उत्तर सही थे। तकनीकी खामी के कारण अन्य सेक्शन में कंप्यूटर में जम्बलिंग के चलते गलत उत्तर अपलोड हो गए थे। मामला संज्ञान में आने के बाद पुरानी उत्तर कुंजी हटा दी गई है और वेबसाइट पर नई उत्तर कुंजी अपलोड कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन इसे तकनीकी खामी बता रहा है, जबकि परीक्षार्थी इसे परीक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मान रहे हैं। नई उत्तर कुंजी जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा परिणाम और आगे की प्रवेश प्रक्रिया पर है।




