बेटी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, पिता की हत्या के आरोप में दो सगे भाई गिरफ्तार

खटीमा। बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के गुदहट रामनगर सुरस निवासी हिलोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनका परिवार काम के सिलसिले में खटीमा के खेतलसंडा खाम गांव आया था।
आरोप है कि 27 सितंबर को गांव के संजय और उसके भाई सुभाष ने हिलोनी की बेटी से छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर दोनों भाइयों ने उसके पिता रोहित के सिर पर चारपाई के डंडे से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को उपचार के लिए गोरखपुर एम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने खेतलसंडा खाम गांव निवासी संजय और सुभाष के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद एसएसपी के निर्देशन में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने दोनों आरोपितों को खेतलसंडा खाम स्थित पुराने रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों कहीं भागने की फिराक में थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया।
पुलिस टीम में कोतवाल कमल कुमार लुंठी, एसएसआई केसी आर्य, एसआई राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कुलदीप सिंह शामिल रहे।




