उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, आठ जिलों में यलो अलर्ट; बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

देहरादून। मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान के चलते दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि, सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने आठ जिलों में हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग ने अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम में बदलाव के साथ स्थानीय स्तर पर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है।




