हरिद्वार में निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, चाय के खोखे में मिला शव

हरिद्वार: निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी हरिद्वार स्थित भूपतवाला क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने एक चाय के खोखे में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम, निवासी ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह निठारी कांड का आरोपी सुरेंद्र कोली है। पहचान सामने आने के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था और यहां अपना नाम बदलकर ‘सदाराम’ के नाम से रह रहा था। बताया गया कि वह पथरी के मुस्तफाबाद में भी कुछ दिन रहा था। भूपतवाला क्षेत्र में उसने अनिल शर्मा नाम के युवक से चार दिन पहले ही चाय का खोखा किराए पर लिया था। इसी दुकान में वह रह भी रहा था। शुक्रवार को किसी समय उसने खोखे के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, जब उसकी जेब की तलाशी ली गई तो आधार कार्ड और वोटर कार्ड से उसकी असली पहचान सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में आने से पहले वह रोशनाबाद में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था।
परिवार से अलग रहने की बात
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निठारी कांड में गिरफ्तारी के बाद सुरेंद्र कोली के परिवारवालों ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया था। बताया गया कि 2006 में गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी आखिरी बार उससे जेल में मिलने आई थी। इसके बाद उसने उससे रिश्ता खत्म कर लिया और हरियाणा में किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया।
सुरेंद्र कोली के दो भाई बताए गए हैं। एक भाई अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता है, जबकि दूसरा भाई अल्मोड़ा के एक निजी स्कूल में शिक्षक है। उसकी भाभी एएनएम का काम करती हैं। पैतृक घर में उसकी मां रहती थीं, लेकिन कुछ साल पहले उनका भी निधन हो गया।
निठारी कांड में सामने आया था नाम
सुरेंद्र कोली का नाम उत्तर प्रदेश के चर्चित निठारी कांड में सामने आया था। इस मामले में वह आरोपी रहा है। हरिद्वार में उसके रहने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अब यहां उसके संपर्क में रहे लोगों और पिछले कुछ समय की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया पारिवारिक क्लेश के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका है, हालांकि इसकी स्पष्ट पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।




