उत्तराखण्ड

नैनीताल में बड़ा हादसा टला: पर्यटकों से भरी कार सरिता ताल झील में गिरी, सभी चार लोग सुरक्षित

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुरादाबाद से आए पर्यटकों की कार नैनीताल-मुरादाबाद मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सरिता ताल झील में जा गिरी। कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस के चलते सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

 

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी चार पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरिता ताल क्षेत्र के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सीधे सरिता ताल झील में जा गिरी।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना को देख आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो अन्य लोग वाहन के भीतर फंसे हुए थे।

 

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान चलाया और कार में फंसे दोनों पर्यटकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। क्षेत्रीय निवासी अभय बवाड़ी ने बताया कि कार नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे झील में गिर गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते राहत कार्य नहीं होने पर दुर्घटना गंभीर रूप ले सकती थी। फिलहाल सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button