उत्तराखण्ड

चंपावत में कार पर गिरा भारी बोल्डर, चार लोग घायल;  एक युवक की मौत

चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार 7 सितंबर को बड़ा हादसा हो गया। सड़क खुलने का इंतजार कर रही एक कार के ऊपर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर आ गिरा। बोल्डर और मलबे की चपेट में आने से कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे चंपावत रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गंगोलीहाट के टिम्टा गांव से अल्टो कार संख्या UK 05 TA 2878 पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बाराकोट ब्लॉक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण चालक ने कार रोककर खड़ी कर दी थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर कार के ऊपर आ गिरा।

हादसे के दौरान दो युवक कार के अंदर बैठे थे, जबकि तीन अन्य युवक वाहन के बाहर थे। बोल्डर की चपेट में आने से कार भी क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे में पांच लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव टीमों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 एंबुलेंस की मदद से लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि संदीप कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

हादसे में मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र भवानी राम, उम्र 35 वर्ष, निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

हादसे में घायल लोगों में सौरभ कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़, सुनील कुमार पुत्र आनंद राम, उम्र 23 वर्ष, सुभाष चंद्र पुत्र शिवराम, उम्र 44 वर्ष और सुजल कुमार पुत्र कृष्ण राम, उम्र 17 वर्ष, सभी निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ शामिल हैं। सौरभ कुमार कार चालक था।

लोहाघाट उप जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि संदीप कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। सुनील कुमार के सिर पर गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंपावत रेफर किया गया है। वहीं, सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को उपचार के लिए पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद चंपावत डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घायलों को खाई से बाहर निकालने में स्थानीय निवासी मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।

हादसे में युवक की मौत की खबर के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button