प्रेमनगर में देर रात लूट, एनकाउंटर में बदमाश ढेर — थाना प्रभारी नरेश राठौड़ घायल

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में बीती देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौड़ को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे लूट की। बदमाश उसके नीले रंग के बैग में रखे लगभग 2 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेज लूटकर उसे गोली मारते हुए विश्रांति की ओर फरार हो गए।
जंगल में मुठभेड़
पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार दिलाकर बताए गए रास्ते पर बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल बदमाश, थाना प्रभारी नरेश राठौड़ और पीड़ित देवराज को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर लाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अलर्ट मोड में
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी बॉर्डर और बैरियर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।




