उत्तराखण्डक्राइम

देहरादून के पॉश इलाके में स्कूल परिसर से सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; तीन युवतियां मुक्त

देहरादून। शहर के पॉश माने जाने वाले किशन नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में एक प्ले ग्रुप स्कूल परिसर के पीछे संचालित कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर तीन युवतियों को मुक्त कराया है। कमरे से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

क्षेत्रवासियों की सूचना पर कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने परिसर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही भाजपा पार्षद नंदिनी शर्मा मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसर में अनैतिक गतिविधियों के संचालन का आरोप लगाया। घटना की जानकारी फैलते ही कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने स्कूल के पीछे स्थित किराये के कमरों में तलाशी ली, जहां से तीन युवतियां मिलीं। पूछताछ में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।

पुलिस ने किराये पर कमरा लेने वाले राजस्थान निवासी आशीष पांडेय और जंग बहादुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री जब्त कर ली है।

एक युवती एचआईवी पॉजिटिव होने की आशंका

सूत्रों के अनुसार, मुक्त कराई गई युवतियों में से एक के एचआईवी पॉजिटिव होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर आवश्यक चिकित्सीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जांच जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। यह भी जांच की जा रही है कि यह रैकेट कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button