उत्तराखण्ड

कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें! 10-11 अक्टूबर को ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर रोक

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 10 और 11 अक्टूबर को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

बाबा नीम करौरी के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और कैंची धाम में लगातार बढ़ रही आवाजाही के बीच पहाड़ी सड़कों पर यातायात का दबाव भी बढ़ रहा है। वीकेंड पर संभावित भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने जाम से बचने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है।

यातायात प्लान के अनुसार, सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित मार्गों पर यातायात संचालित किया जाएगा।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

वहीं, हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए भेजा जाएगा।

कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था निर्धारित की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहीं, गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग भवाली सैनिटोरियम में होगी। यहां से श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा के जरिए कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने और यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button