उत्तराखण्ड

कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार-बिजनौर पुलिस का मंथन, ट्रैफिक और सुरक्षा पर फोकस

हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

 

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर बनी रणनीति

 

बैठक में भारी वाहनों की आवाजाही, डीजे संचालन, भीड़ नियंत्रण, कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन, बॉर्डर चेकिंग और प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स पर विशेष चर्चा की गई। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति में वायरलेस संचार के माध्यम से त्वरित समन्वय सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

 

हाईवे और बॉर्डर का किया संयुक्त निरीक्षण

 

बैठक के बाद दोनों जिलों के पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग, हाईवे और अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

 

हरिद्वार पुलिस ने जताई तैयारी

 

एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह ने कहा कि हरिद्वार पुलिस कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अभी से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय बनाकर इस बार भी मेले का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

 

बैठक में रहे मौजूद

 

बैठक में एसपी ट्रैफिक हरिद्वार निशा यादव, एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर गौतम राय, सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, सीओ ट्रैफिक हरिद्वार भूपेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा समेत हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के समापन पर हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर से आए अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button