उत्तराखण्ड

हरिद्वार में युवक पर फायरिंग, लिव-इन पार्टनर युवती को लगी गोली; पुलिस जांच में जुटी

हरिद्वार: शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में शुक्रवार देर रात एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों की ओर से गोली चलाए जाने का मामला सामने आया है। गोली युवक के साथ रह रही युवती के बाजू में जा लगी। गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया गया।

घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवती मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वह खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि हमलावरों ने अंश पर गोली चलाई। इसी दौरान युवती बीच में आ गई और गोली उसके बाजू में जा लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। युवती की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर कर दिया।

सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।

पुलिस के अनुसार, अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button