उत्तराखण्ड

सीएम धामी के गढ़ में BJP को झटका, निर्दलीय नारायण लाल ने दर्ज की बड़ी जीत

चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा क्षेत्र स्थित पाटी नगर पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को हराकर जीत दर्ज की है। नारायण लाल, इंडियन आइडल विजेता Pawandeep Rajan के जीजा बताए जाते हैं।

 

घोषित परिणामों के अनुसार नारायण लाल को 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट मिले। इस तरह नारायण लाल ने 224 मतों के अंतर से जीत हासिल कर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

 

परिणाम घोषित होने में देरी से समर्थकों में नाराजगी

 

मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर काफी देर तक संशय की स्थिति बनी रही। परिणाम घोषित करने और विजयी प्रमाण पत्र जारी करने में हुई देरी के कारण नारायण लाल के समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि, प्रमाण पत्र मिलने के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला और जीत का जश्न मनाया।

 

सभासद पदों के परिणाम भी घोषित

 

नगर पंचायत के चारों वार्डों के सभासद पद के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।

 

न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली 183 मतों के साथ निर्वाचित हुए।

 

जौलाड़ी वार्ड से बबलू पाटनी ने 151 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

 

रानीचौड़ वार्ड से शांति देवी 166 मतों के साथ विजयी रहीं।

 

पूनाकोट वार्ड से संगीता 145 मत प्राप्त कर सभासद निर्वाचित हुईं।

 

 

राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे नतीजे

 

पाटी नगर पंचायत के चुनाव परिणामों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की हार ने स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव नतीजों ने यह भी संकेत दिया है कि निकाय चुनाव में मतदाताओं ने पार्टी से अधिक उम्मीदवार के चेहरे को महत्व दिया।

 

अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव

 

उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। ऐसे में पाटी नगर पंचायत के नतीजों को आगामी चुनावों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य की राजनीति में इन परिणामों की चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button