चीनी की बढ़ती कीमत और E20 पेट्रोल के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून। लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से ईस्ट कैनाल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर किए गए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी चीनी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि करीब एक महीने पहले चीनी 44 से 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, जो अब बढ़कर 65 से 66 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि इथेनॉल मिश्रण की नीति के कारण गन्ने की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसका असर चीनी मिलों और चीनी के उत्पादन पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार को चीनी की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने E20 पेट्रोल को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस का आरोप है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई वाहनों के खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को जनता के बीच उठाने के लिए कांग्रेस ने पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल की कीमतों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ में अपेक्षित कमी नहीं आई है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर आम जनता की मेहनत की कमाई पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने कहा कि यह आंदोलन केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा। चीनी की बढ़ती कीमत और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर पूरे उत्तराखंड में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग शहरों, जिलों और कस्बों में प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस के अनुसार देहरादून में हुआ प्रदर्शन प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत है और आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।




