Crime Newsउत्तराखण्ड

लमगड़ा ब्लॉक का अकाउंटेंट 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, कार्रवाई हुई शुरू

अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता को शौचालय निर्माण कार्य के तहत 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। टेंडर से जुड़ी एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर आरोपी अकाउंटेंट लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोप है कि बिना पैसे दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार किया जा रहा था।

ट्रैप ऑपरेशन में रंगे हाथ दबोचा

मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने उत्तराखंड सतर्कता प्रतिष्ठान, हल्द्वानी से संपर्क किया। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद सतर्कता टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

8 अप्रैल 2026 को टीम ने लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। जैसे ही आरोपी हर सिंह बिष्ट ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू

आरोपी हर सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार पद पर तैनात था और अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सतर्कता विभाग ने कहा है कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता से अपील की गई है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो तुरंत इसकी शिकायत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button