हरिद्वार में धामी कैबिनेट की पहली बैठक, 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर; अग्निवीरों से लेकर बाल वीरता पुरस्कार तक बड़े फैसले

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। हरिद्वार में पहली बार हुई इस कैबिनेट बैठक में विकास, आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, आवास, प्रशासनिक सुधार और युवाओं से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच में ही करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि कैबिनेट बैठकें जनता के बीच जाकर की जाएं, ताकि स्थानीय जरूरतों और विकास से जुड़े विषयों पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।
मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के गठन को मंजूरी
कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इस संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में किए जाने की योजना है।
अग्निवीरों और युवाओं के हित में फैसला
कैबिनेट ने सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती से संबंधित नई नियमावली को मंजूरी दी। इसके अलावा मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। सरकार ने इन फैसलों को युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
विधानसभा सत्र और नए विधेयकों को मंजूरी
मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी दी। इसके साथ ही द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक, 2026 और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की स्वीकृति दी गई।
कैबिनेट ने उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 को भी मंजूरी प्रदान की। वहीं, उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास से संबंधित अधिनियम की अनुसूची में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को मंजूरी
कैबिनेट ने स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को मंजूरी दी। इसके अलावा संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
हरिद्वार में किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में शिथिलता देने और ऊधम सिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधारने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
केंद्र सरकार के सहयोग के लिए जताया आभार
कैबिनेट ने उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही राज्य की पर्वतीय, सीमावर्ती और सामरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी विकास संबंधी प्राथमिकताओं के अनुरूप केंद्र से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर गंगा पूजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मां गंगा की पूजा-अर्चना की और गंगा आरती में भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। मुख्यमंत्री ने देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए भी मां गंगा से प्रार्थना की।



