अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट, डोली यात्रा का कार्यक्रम हुआ तय

उत्तरकाशी: नवरात्र के पावन अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगोत्री धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित कर दी है। समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल के अनुसार, अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
डोली यात्रा का कार्यक्रम तय
कपाट खुलने से एक दिन पहले 18 अप्रैल को मां गंगा की भोगमूर्ति विग्रह डोली उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। डोली सेना बैंड और पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी।
यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम भैरव मंदिर में किया जाएगा। इसके बाद 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे डोली गंगोत्री धाम के लिए पैदल रवाना होगी और विधि-विधान के साथ कपाट खोल दिए जाएंगे।
छह माह तक खुले रहेंगे कपाट
गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुआत भी हो जाएगी। मंदिर के कपाट छह महीने तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे।
गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक
समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।




