नैनीताल में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार; 2 पर्यटकों की मौत

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां उन्नाव से घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
गेठिया में खाई में गिरी कार, दो की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्नाव के पीतांबर नगर निवासी अंकित चौधरी अपने दोस्तों अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ कार संख्या यूपी 78 एसजे 4936 से जागेश्वर धाम की यात्रा पर निकले थे। हल्द्वानी से आगे बढ़ते हुए जैसे ही उनकी कार गेठिया क्षेत्र में पहुंची, वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।



