अप्रैल में उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का होगा उद्घाटन

उत्तराखंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल के पहले सप्ताह में उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वे देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं और देहरादून में एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। उच्चस्तरीय संकेत मिलने के बाद राज्य सरकार की मशीनरी भी तैयारियों में जुट गई है।
धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राज्य सरकार के चार साल पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने धामी के ऊर्जावान नेतृत्व की सराहना करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्तराखंड की प्रगति को रेखांकित किया।
सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन पर जोर
प्रधानमंत्री ने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सदियों से आस्था, साहस और परंपराओं की भूमि रहा है। चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और पर्यटन
मोदी ने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पर्यटन को बढ़ावा देने, पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने में मदद करेगा।
स्थानीय विकास और सतत प्रगति
प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप्स, डिजिटल और हरित विकास के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि अमृत काल में उत्तराखंड भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




