उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, अगले पांच दिन बारिश के आसार; आठ जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून। मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं, जबकि कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

बीते शनिवार को प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में बदलाव के आसार बने हैं। इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं।

मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

बीते दिन प्रमुख शहरों में देहरादून का अधिकतम तापमान 31.9 और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 22.4 डिग्री, मुक्तेश्वर में 21.5 और 13.6 डिग्री तथा नई टिहरी में 23.0 और 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button