मसूरी में दर्दनाक हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरा पानी का टैंकर, चालक की मौत

देहरादून : देहरादून जिले के मसूरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के पास पानी से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई स्थानों पर तीखे मोड़, संकरी सड़कें और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।




