ऋषिकेश के होटल में अवैध कैसीनो और शराब पार्टी का भंडाफोड़, 10 युवतियों समेत 40 गिरफ्तार

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे अवैध कैसीनो और शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 युवतियों समेत कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार आईडीपीएल क्षेत्र स्थित एक होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने अचानक छापा मारा। होटल के अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। यहां जुए का अवैध कैसीनो संचालित किया जा रहा था और शराब पार्टी चल रही थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब, जुए से संबंधित सामग्री और करीब 60 हजार रुपये नकद बरामद किए। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि होटल में युवतियों को बार डांसर के रूप में प्रदर्शन के लिए दिल्ली से बुलाया गया था। साथ ही मेहमानों को खाना और शराब परोसने का काम भी कराया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



