चमोली में तमक नाले का रौद्र रूप, देखते ही देखते बह गया नया पुल; मलारी से आगे आवाजाही ठप

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को तमक नाले ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। मूसलाधार बारिश के बाद नाले में अचानक बाढ़ आ गई, जिसकी चपेट में आकर बीआरओ द्वारा बनाया जा रहा लोहे का नया पुल पूरी तरह बह गया। पुल के बहने से नीति घाटी में मलारी गांव से आगे की आवाजाही बाधित हो गई है।

अचानक उफान पर आया तमक नाला
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर क्षेत्र में तेज बारिश हुई। इसके बाद तमक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और देखते ही देखते पानी तेज बहाव के साथ बहने लगा। नाले का बहाव इतना तेज था कि निर्माणाधीन नया लोहे का पुल भी इसकी चपेट में आ गया और कुछ ही देर में पूरी तरह बह गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तमक नाले का खतरनाक रूप और पुल के बहने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
मलारी से आगे संपर्क बाधित
पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद मलारी गांव से आगे आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। इससे नीति घाटी के इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
SDRF और NDRF की टीमें मौके के लिए रवाना
पुल बहने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF और NDRF की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया है।
प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्थिति का आकलन करना है। राहत की बात यह है कि अभी तक इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ा खतरा
चमोली समेत उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। अचानक आने वाले मलबे और तेज जलप्रवाह को देखते हुए नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।




