चारधाम रूट पर नया ट्रैफिक नियम लागू, दिन में चलेंगे तीर्थयात्री वाहन, रात में मालवाहक

चारधाम अपडेट: उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। इस बार चारधाम यात्रा मार्ग पर दिन के समय केवल तीर्थयात्री वाहनों को अनुमति दी जाएगी, जबकि भारी और मालवाहक वाहन रात नौ बजे के बाद ही संचालित हो सकेंगे।
रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सुबह से रात नौ बजे तक श्रद्धालुओं के वाहन संचालित होंगे, ताकि जाम की समस्या कम हो और यात्रियों को सुगम दर्शन का अवसर मिल सके।
रात 9 बजे के बाद ही चलेंगे भारी वाहन
मंत्री बत्रा ने स्पष्ट किया कि यात्रा अवधि में दिन के समय मालवाहक वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहन केवल रात 9 बजे के बाद ही चारधाम रूट पर चल सकेंगे। सरकार यात्रा के लिए समय निर्धारण की व्यवस्था भी लागू करने जा रही है।
इस अवसर पर एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक रमन पुंडीर के योगदान की भी सराहना की गई।
ग्रीन कार्ड प्रणाली लागू, पहले दिन जारी हुए 51 कार्ड
चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। हरिद्वार से पहले दिन 11 व्यावसायिक यात्री वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए। वहीं ऋषिकेश में पहले दिन 40 बस, टैक्सी और मैक्सी वाहनों को ग्रीन कार्ड प्रदान किए गए।
ग्रीन कार्ड केवल उन्हीं वाहनों को दिया जाएगा जो तकनीकी जांच, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, परमिट और चालक के दस्तावेजों की जांच में सही पाए जाएंगे।
पिछले वर्ष पहले दिन केवल 13 ग्रीन कार्ड जारी हुए थे, जबकि इस बार पहले दिन ही 40 से अधिक कार्ड जारी कर दिए गए, जिससे यात्रा की तैयारियों में तेजी नजर आ रही है।
नए काउंटर भी बनाए जाएंगे
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यात्रियों को समय पर ग्रीन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
ऋषिकेश एआरटीओ कार्यालय में हवन-यज्ञ के बाद ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने रिबन काटकर इसका शुभारंभ किया।




