नैनीताल में आज पेयजल संकट, जालियां रिपेयर होने के कारण दिनभर सप्लाई ठप, दो लाख लोग होगे प्रभावित

नैनीताल: नैनीताल में तीन दिन बिजली-पानी की समस्या के बाद अब गुरुवार को एक बार फिर पेयजल संकट गहराने जा रहा है। काठगोदाम कॉलटैक्स स्थित गेट चैंबर की टूटी जालियों की मरम्मत के चलते शीशमहल फिल्टर प्लांट पूरे दिन बंद रहेगा, जिससे करीब दो लाख लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ेगी।
जल संस्थान के अनुसार, गौला बैराज से नहर के माध्यम से पानी शीशमहल फिल्टर प्लांट तक पहुंचता है, जहां उसे शुद्ध कर शहर में सप्लाई किया जाता है। लेकिन कॉलटैक्स के पास नहर में लगी जालियां टूटने से प्लांट में गंदगी और कचरा पहुंच रहा था, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा था।
इसी समस्या के समाधान के लिए गुरुवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग के मुताबिक, जालियों को ठीक करने में लगभग आठ घंटे लगेंगे। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम तक प्लांट बंद रहेगा और पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
तीन दिन बाद मिली थी राहत
इससे पहले रविवार रात आए भीषण आंधी-तूफान के कारण शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। पेड़ गिरने से बिजली लाइनें और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। मरम्मत कार्य के बाद मंगलवार देर शाम बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिससे बुधवार को लोगों को राहत मिली।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रमेश गर्ब्याल ने बताया कि बिजली बाधित रहने के दौरान जेनरेटर से पानी सप्लाई की कोशिश की गई, लेकिन ऊंचाई वाले टैंकों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। अब अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य हो गई है, हालांकि कुछ इलाकों में कम दबाव की समस्या बनी हुई है।
अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक पानी की सप्लाई की जाएगी, इसके बाद प्लांट बंद होने से आपूर्ति रुक जाएगी। उपभोक्ताओं से पहले ही पानी स्टोर करने की अपील की गई है।
इन क्षेत्रों में रहेगा संकट
दमुवाढूंगा, बिठौरिया, कुसुमखेड़ा, चौफुला, बमौरी, ऊंचापुल, बाजार क्षेत्र के साथ ही बरेली रोड और रामपुर रोड से जुड़े इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।




